वर्धा की उत्तम गालवा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट, 26 मजदूर घायल, 7 गंभीर 

वर्धा. ऑनलाइन टीम : वर्धा के उत्तम गालवा फैक्ट्री में बुधवार को भीषण विस्फोट हुआ। हादसे में 26 मजदूरों  के घायल होने की जानकारी है। इसमें से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर मरीज करीब 40 फीसदी जल गए हैं। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ है। आनन-फाननन में कंपनी के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी जानकारी दी गई।

बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंचा। गांव वालों के साथ मिलकर हादसे के पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सेवाग्राम व सावंगी मेघे हास्पिटल में उन्हें भर्ती किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट के पीछे की वजह को भी तलाशा जा रहा है। आसपास के मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में बॉयलर का जलता हुआ कोयला उड़कर कर्मचारियों के ऊपर आ गिरा था। इसके बाद अचानक ब्लास्ट हो गया।

यह स्टील प्लांट वर्धा इलाके में स्थित है।  मौके पर दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौजूद है। ब्लास्ट के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री के भीतर कोई अन्य मजदूर फंसा तो नहीं है इसकी भी जांच की जा रही है।