उपलब्धि… वर्ष 2020 की 100 उल्लेखनीय किताबों की सूची में तीन भारतीय लेखकों के नाम शामिल

न्यूयॉर्क. ऑनलाइन टीम – प्रतिष्ठित अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस वर्ष की 100 उल्लेखनीय किताबों की सूची जारी की है। भारत के लिए बड़ी उपलब्धि यह है कि इसमें तीन भारतीय लेखकों की किताबें भी शामिल हैं और सबसे बड़ी बात यह भी है कि इस सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बाराक ओबामा का संस्मरण ‘ए प्रॉमिस्ड लैंड भी शामिल है।

बता दें कि न्यूयॉर्क टाइम्स के पुस्तक समीक्षा संपादकों ने दुनिया भर में प्रकाशित कल्पना आधारित उपन्यास, कविता और कथेतर साहित्य आदि की समीक्षा कर यह सूची तैयार की है। विश्वस्तरीय ख्याति में चार चांद लगाने वाली यह उपलब्धि वास्तव में भारत के लोगों को गौरवान्वित करने वाली है।

सूची में भारत में जन्मी मेघा मजूमदार की किताब ‘ द बर्निग को भी जगह मिली है। यह किताब भारतीय महानगर में आतंकवादी घटना पर आधारित है। दूसरी किताब केरल में पली-बढ़ी दीपा अनाप्परा की ‘ जिन्न पेट्रोल ऑन दि पर्पल लाइन है। दीपा के उपन्यास में नौ साल का एक बच्चा अपने सहपाठी के गायब होने की गुत्थी सुलझाने की कोशिश करता है।

सामंत सुब्रमण्यिम तीसरे लेखक हैं जिन्होंने इस सूची में अपनी जगह बनाई है। उनकी किताब ‘ ए डोमिनेंट कैरेक्टर: दि रैडिकल साइंस ऐंड रेस्टलेस पॉलिटिक्टस ऑफ जेबीएस हैलडेन के लिए यह सम्मान मिला है। यह किताब ब्रिटिश जीवशास्त्री और वामपंथी हैलडेन पर लिखी गई है।