सोनिया गांधी ने राय बरेली में रोड शो शुरू किया

रायबरेली (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – कांग्रेस अध्यक्ष और अपने बेटे राहुल गांधी के अमेठी से नामांकन करने के अगले दिन गुरुवार को रायबरेली से कांग्रेस की सांसद सोनिया गांधी ने गुरुवार को नामांकन से पहले अपना रोड शो शुरू कर दिया। भुयेमाओ अतिथि गृह से पूर्वान्ह लगभग 11.45 बजे निकलीं सोनिया ने सबसे पहले मोहन सिंह नेत्रालय के पास हवन किया।

उन्होंने राहुल गांधी, बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी, दामाद रॉबर्ट वाड्रा और धेवते रेहान और धेवती मारिया के साथ हाथी चौक से अपना रोड शो शुरू किया। वे रोड शो करते हुए कलेक्टरेट कार्यालय तक जाएंगे। रोड शो में भाग लेने के लिए राहुल गांधी दिन में पहले ही राय बरेली आ गए थे, वहीं उनकी बहन, बहनोई, भांजे, भांजी ने सोनिया गांधी के साथ गेस्ट हाउस में रात गुजारी।

कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रोड शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाजी की। उनके हाथों में कांग्रेस की न्याय योजना की तख्तियां भी थीं। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को प्रति महीने 6,000 रुपये देने का वादा किया गया है।

सोनिया गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगी और इसके बाद गुरुवार रात नई दिल्ली रवाना हो जाएंगी। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया 2004 लोकसभा चुनाव से यहां से जीत रही हैं। इससे पहले वे 1999-2004 में अमेठी से सांसद रही थीं। पिछले लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस को मात्र दो – अमेठी और राय बरेली सीटों पर जीत हासिल हुई थी। राय बरेली में पांचवें चरण के तहत छह मई को चुनाव होंगे। मतगणना 23 मई को होगी।