सांगवी फायरिंग की गुत्थी सुलझी; पत्नी के पूर्व प्रेमी ने चलवाई गोली

प्रेमी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार; सांगवी पुलिस की सफलता
 
पिंपरी। नए साल पर 9 जनवरी की रात 11 बजे पिंपरी चिंचवड़ के सांगवी इलाके में अपनी पत्नी और बच्ची के साथ पैदल घर लौट रहे एक राहगीर पर फायरिंग की घटना घटी थी। इस वारदात की गुत्थी को सुलझाने में सांगवी पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच (डीबी) को सफलता मिली है। इस वारदात को राहगीर की पत्नी के पुराने प्रेमी द्वारा अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जसप्रितसिंह अमरजितसिंह सत्याल (30, निवासी औरंगाबाद),सुनील भगवान हिवाळे (28, श्रीकृष्ण नगर, हडको), आनंद उर्फ दादुस मोहन इंगले (27, निवासी उल्हासनगर) का समावेश है। इनमें से सुनील हिवाले नामक आरोपी को औरंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के हवाले किया है। फायरिंग की इस वारदात में घायल हर आनंद सोलंकी निवासी जूनी सांगवी, पुणे ने सांगवी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि, 9 जनवरी की रात 11 बजे के करीब आनंद सोलंकी पर तब फायरिंग की गई जब वे पैदल अपनी पत्नी और बच्ची के साथ घर लौट रहे थे। हमलावर ने उनपर एक राउंड फायर किया कान पर गोली लगने से आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। छानबीन के दौरान पुलिस का शक आनंद की पत्नी के पुराने प्रेमी जसप्रीत सिंह पर गया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने साथी सुनील हिवाले के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
वारदात के दूसरे दिन आनंद उर्फ दादुस इंगले को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ उल्हासनगर के सेंट्रल पुलिस थाने में दो गंभीर मामले दर्ज रहने की जानकारी सामने आयी है। तीन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में और खुलासे होने की संभावना पुलिस आयुक्त ने जताई है। इस पूरी कार्रवाई को सांगवी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रंगनाथ उंडे, पुलिस निरीक्षक (क्राइम) अजय भोसले, डीबी के सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश कांबले, उपनिरीक्षक यशवंत सालुंके, हवलदार चंद्रकांत भिसे, कैलास केंगले, सुरेश भोजणे, रोहिदास बोऱ्हाडे, अरुण नरले, प्रविण पाटील, नितीन खोपकर, शशीकांत देवकांत, विजय मोरे, अनिल देवकर, हेमंतकुमार गुत्तीकोंडा, शिमोन चांदेकर, नुतन कोंडे की टीम ने अंजाम दिया।