बदलापुर के जवान सुनील शिंदे लेह में शहीद

बदलापुर: तीन महीने पहले लेह में हुए जोरदार हिमपात में लापता हुए जवान सुनील नागनाथ शिंदे (उम्र 39) की डेडबॉडी दो दिन पहले मिली है। मंगलवार देर रात उनका पार्थिव शरीर उनके बदलापुर स्थित घर पर लाया गया। इस दुखद घटना से उनकी पत्नी और बेटे-बेटी पर जैसे दुखो का पहाड़ गिर पड़ा है।

मूल रूप से कसबे तडवले जिला उस्मानाबाद के निवासी सुनील शिंदे 13 वर्षो से सेना के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत थे। दो साल पहले लेह में उनकी नियुक्ति हुई। बर्फीले रास्ते में सेना की गाड़ी बंद हो जाने के बाद उसे ठीक करना साथ ही बर्फ गिरने पर फंसी हुई गाड़ियो को आगे लेकर जाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिंदे की टीम पर थी। जनवरी महीने में लेह में जोरदार हिमपात होने के बाद से वे संपर्क में नहीं थे। दो दिन पहले उनकी डेड बॉडी मिलने के बाद इसकी जानकारी उनके परिवार को दी गई। मंगलवार रात उनका पार्थिव शरीर बदलापुर लाया गया। उसके बाद सैन्य रीति रिवाज से उनका अंतिम संस्कार मांजर्ली के श्मशान भूमि में किया गया। इस मौके पर स्थानीय लोगों के साथ सैन्य अधिकारी, पुलिस, बदलापुर परिसर के जनप्रतिनिधि और स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित थे।