कर्ज चुकाने के लिए एक लाख में बेच दिया अपना बच्चा,  ससुराल वाले आए तो खुली पोल 

सलेम. ऑनलाइन टीम : तमिलनाडु के सलेम में  32 साल के एक शख्स ने कर्ज चुकाने के लिए एक लाख रुपये में अपने छह महीने के बच्चे को बेच दिया। आरोपी युवक के साथ पुलिस ने उसके दोस्त को भी गिरफ्तार किया है। उसने आरोपी की बच्चा बिकवाने में मदद की थी। पुलिस ने बच्चा खरीदने वाले को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

पुलिस ने बताया कि जिले के लाइनमेडु इलाके में रहने वाले शौकत अली की पत्नी शर्मिला बानो ने छह महीने पहले एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी दौरान कोरोना के कारण लॉकडाउन की घोषणा हो गई। लॉकडाउन के दौरान शौकत की नौकरी छूट गई, तो आर्थिक मुश्किलें आ गईं। वह परेशान रहने लगा था। उसके ऊपर एक लाख रुपये का कर्ज हो गया, कर्ज चुकाने के लिए उसके ऊपर दबाव पड़ रहा था। कोई उपाय उसे नहीं सूझ रहा था। उसने अपने दोस्त से इसका जिक्र किया तो उसने बच्चे को बेचने की सलाह दी। भरे मन से वह इसके लिए वह तैयार हो गया। उसके दोस्त सेड्डू  ने एक सुंदरम नाम के शख्स से संपर्क किया और शौकत ने बच्चे को बीस दिन पहले उसे बेच दिया।

इस घटना के बाद जब शर्मिला के मायकेवाले बच्चे को देखने आए तो अली ने उन्हें बताया कि बच्चा एक हफ्ते पहले मर गया। शर्मिला के मायकेवालों को यह बात हजम नहीं हुई। उन्होंने सवाल खड़े किए कि अगर बच्चा एक हफ्ते पहले मर गया था, तो उन लोगों को सूचना क्यों नहीं दी गई। आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। रिश्तेदारों ने बच्चे के गायब होने की सूचना अन्नधन्नापट्टी पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर ऐक्शन लिया। शौकत और शर्मिला से सख्ती के साथ पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चे को एक लाख रुपये में बेचा है। इसके बाद पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।