तो क्या महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर… नए मरीज मिलने की रफ्तार में 200% का इजाफा तो यही बता रहा है

मुंबई. ऑनलाइन टीम महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। अगर समय रहते इस पर काबू नहीं पाया गया तो हालात और खराब हो सकते हैं। गुरुवार को राज्य में रिकॉर्ड 5,427 नए मरीज मिले। 4 दिसंबर के बाद ये पहली बार है जब राज्य में 5 हजार से ज्यादा नए मरीज एक दिन में मिले हैं।  पिछले एक हफ्ते से यहां नए मरीजों के मिलने की रफ्तार में 200% का इजाफा देखने को मिला है। राज्य में गुरुवार को 5,427 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2,543 मरीज ठीक हुए और 38 की मौत हो गई। अब तक 20 लाख 81 हजार 520 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इनमें 19 लाख 87 हजार 804 लोग ठीक हो चुके हैं। 51 हजार 669 ने इस महामारी से जान गंवाई है। 40 हजार 858 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर अमरावती में हर शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। अकोला में भी हर रविवार को लॉकडाउन रहेगा। वहीं, यवतमाल में भी पाबंदियों में बढ़ोतरी की गई है। यहां सभी स्कूल-कॉलेज 28 फरवरी तक बंद रखने का फैसला किया गया है। रेस्टोरेंट, फंक्शन हॉल में 50% लोग ही आ सकेंगे। नागपुर में भी कुछ इसी तरह के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी जगह 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा।

मुंबई में BMC ने नई गाइडलाइन जारी की। इसके मुताबिक, अगर किसी बिल्डिंग में 5 या उससे ज्यादा केस मिलते हैं, तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। होम क्वारैंटाइन किए गए मरीज के हाथ के पीछे पर स्टाम्प लगाया जाएगा। लोकल ट्रेन में बिना फेस मास्क लगाए यात्रा करने वालों पर नजर रखने के लिए 300 मार्शल नियुक्त किए जाएंगे।