पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ने लगा कोहरे का पहरा 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : देश के कई इलाकों पर कोहरे का पहार बढ़ने लगा है, हालांकि अभी ठंड सितम नही ढा रही है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पारा तेजी से नीचे जा सकता है। हालात भी यही संकेत दे रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में ही नहीं,  असर मैदानी इलाकों में भी दिख सकता है।

अरब सागर से लेकर उत्तर-पश्चिम भारत तक अधिक नमी के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी की संभावना है। वैसे बर्फबारी हो भी रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अपने बुलेटिन में चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में आज कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। शनिवार को उत्तराखंड में और दोनों दिन मध्य महाराष्ट्र में बारिश की संभावना है। आईएमडी के पूर्वानुमान से पता चलता है कि उत्तर पश्चिमी भारत में 18 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट की संभावना है।

बिहार और ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में आज और कल तथा अगले सप्ताह सोमवार और मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तराखंड में अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की संभावना है।