तीरथ सिंह के ‘फटी जींस’ बयान पर भड़की स्मृति ईरानी, कहा- ‘नेताओं का संबंध कानून से, लोगों के कपड़ों से नहीं’

नई दिल्ली: कुछ दिन पहले भाजपा ने तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया था। भाजपा को उम्मीद थी कि वे राज्य में विकास काम को गति देंगे। हालांकि मुख्यमंत्री पद पर विराजमान होते ही उन्होने महिलाओ के कपड़ो पर विवादित बयान दिया। उसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हे लोगो ने ट्रोल करना शुरू कर दिया। ऐसे में अब केंद्रीय महिला व बालकल्याण मंत्री स्मृति ईरानी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। स्मृति ईरानी ने तीरथ सिंह के बयान पर नाराज़गी व्यक्त की है।

स्मृति ईरानी ने कहा कि नेताओं को इस बात से कोई संबंध नहीं है कि वे किस तरह के कपड़े पहनते हैं। कुछ चीजें पवित्र हैं और उनमें से एक है महिलाओं का अपनी जिंदगी जीने के तरीके को चुनना। समाज के साथ जुड़ने के लिए जो तरीका चुने वो पवित्र ही है। नेताओं का इस बात से कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए कि लोग किस तरह से कपड़े पहनते हैं, क्या खाते हैं, वे क्या करते हैं क्योंकि हमारा काम नीति बनाना है और कानून का शासन सुनिश्चित करना है। ऐसे शब्दों में उन्होंने तीरथ सिंह को सुनाया है।

क्या कहा था तीरथ सिंह ने

कुछ दिन पहले मैं एक कार्यक्रम के लिए बाहर गया था और आते समय विमान में मेरे पास एक महिला बैठी। जब मैंने महिला की तरफ देखा तो मेरी नजर उसकी फटी जींस पर पड़ी। उस महिला के साथ दो छोटे-छोटे बच्चे थे। मैंने उनसे पूछा कहाँ जाना है तो उन्होने कहा कि दिल्ली। मैंने पूछा आपके पति क्या करते हैं तो उन्होंने कहा कि वे जेएनयू में प्रोफेसर हैं। जब उनसे पूछा कि वो क्या करती हैं तो उन्होंने कहा कि वो एनजीओ चलाती है। फटी जींस पहनने वाली महिला कैसे संस्कृति को जन्म देगी और बच्चों को क्या सिखाएगी।