मंदिर में पूजा कर गोकर्ण जा रहे थे श्रीपद नाइक, हाईवे पर शॉर्टकट लेना बना हादसे की वजह!

बेंगलुरु : ऑनलाइन टीम – केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की गाड़ी उत्तरी कर्नाटक के अंकोला तालुका में दुर्घटना की शिकार हो गई। हादसे में नाइक की पत्नी विजया नाइक और उनके पर्सनल सेक्रेट्री की मौत हो गई। नाइक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नाइक परिवार के साथ गोकर्ण जा रहे थे। एनएच-63 पर उन्होंने गोकर्ण जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट लिया था।

जिस रास्ते से मंत्री जा रहे थे, उसकी हालत बेहद खराब बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि वाहन की किसी अन्य वाहन से टक्कर नहीं हुई है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिस वजह से दुर्घटना हुई। मंत्री की गाड़ी में चार लोग सवार थे, जिसमें वह, उनकी पत्नी, ड्राइवर और उनका एक पर्सनल सेक्रेट्री शामिल है। हादसे में नाइक की पत्नी विजया को सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजया के साथ केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के पर्सनल सेक्रेट्री की भी हादसे में जान चली गई।

सोमवार दिन में श्रीपद नाइक ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान कर्नाटक सरकार के श्रम मंत्री शिवराम हेब्बार ने उनका सम्मान किया था। इसके बाद मंत्री पत्नी के साथ उडुपी के कृष्ण मंदिर में दर्शन के लिए गए। उन्होंने येल्लापुर के गंटे गणपति मंदिर में भी परिवार के साथ पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद वह सोमवार शाम करीब सात बजे गोकर्ण के लिए रवाना हो गए।

देश भर के नेताओं ने श्रीपद नाइक के साथ सड़क हादसा होने पर दुख जताया है। श्रीपद नाइक को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया। बाद में इलाज के लिए उन्हें गोवा शिफ्ट किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से गोवा में केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बात की है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की है और सबसे बेहतर इलाज मुहैया कराने को कहा है और अगर जरूरत पड़ती है तो केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक को दिल्ली  लाने को कहा है।