कड़े लॉकडाउन के बावजूद पुणे में उड़ी कानून व्यवस्था की धज्जियां

शातिर की हत्या और मारपीट की अलग अलग वारदातों से ख़ौफ़
संवाददाता, पुणे। महामारी कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए पुणे समेत समस्त महाराष्ट्र में ब्रेक द चेन के तहत कड़े निर्बन्धों को 1 जून तक और भी कड़ा कर दिया गया है। पुणे पुलिस आयुक्त ने पड़ोसी शहर या ग्रामीण इलाकों से पुणे में आनेवालों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता का फैसला किया है। जहां एक तरफ कड़े निर्बन्ध के जरिये लॉकडाउन को कड़ा किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ शहर में क़ानून व्यवस्था की खुले आम धज्जियां उड़ रही है। शुक्रवार की रात पुणे में एक शातिर की हत्या और मारपीट की घटनाओं से दोपहिया सवार गिरोहों जमकर आतंक मचाया। हत्या की एक व मारपीट की दो घटनाओं से समस्त पुणे में ख़ौफ़ व्याप्त है।
पुणे की बिबवेवाडी में मध्यरात्रि डेढ़ बजे के करीब एक शातिर बदमाश की एक गिरोह ने निर्ममता से हत्या कर दी। माधव हनुमंत वाघाटे (28, निवासी सहकारनगर, पुणे) ऐसा मृतक का नाम है। इस बारे में बिबवेवाडी पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक माधव पुलिस के रिकॉर्ड पर दर्ज एक शातिर बदमाश है। बीती देर रात उसे उसके एक दोस्त सुनील खाटपे ने उसे फोन किया और कहा कि ओटा स्किम के पास उसका कुछ लोगों से झगड़ा हो गया है। इसके बाद रात डेढ़ बजे के करीब माधव अपने साथ सिद्धार्थ पालांगे के साथ वहां पहुंचा। यहां वह सुनील का इंतजार कर ही रहा था कि अचानक 10 लोगों के एक गिरोह ने वहां आकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मौत हो गई। हत्या की वजह और हत्यारों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। जिस दोस्त ने माधव को फोन किया था वह भी गायब है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
यहां आंबेगाव बुद्रुक के दत्तनगर चौक में रात साढ़े 12 बजे एक टेम्पो चालक जो वहां पानी की बोतल भर रहा था, के साथ दोपहिया पर सवार होकर आए एक गिरोह ने जबरदस्त मारपीट की। उसके सिर पर गहरी चोट आई है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बारे में सुनील सुरवसे (30) की शिकायत के आधार पर भारती विद्यापीठ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ऐसी ही एक वारदात उरुली देवाची परिसर में हुई है जिसमें अल्लाबक्ष बागवान (35) नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मामूली वजह से चार लोगों ने उनके साथ जबदरस्त मारपीट की। इस बारे में लोणी कालभोर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।