वीडियो बनाने के चक्कर में चली गोली, युवक घायल

पुणे: समाचार ऑनलाइन – वीडियो बनाने के चक्कर में चली गोली में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़ित का नाम विजय यादव है। उसे ठाणे के वेदांत हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में विजय के आरोपी दोस्त अक्षय पवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार की शाम अक्षय पवार, विजय यादव व अवधेश यादव ठाणे के किसन नगर इलाके के गोदाम में वीडिया शूटिंग कर रहे थे। वीडियो के लिए वो देसी पिस्तौल लेकर आये थे। इस दौरान अक्षय के हाथ से गलती से गोली चल गई, जो सीधे विजय के जा लगी।

पुलिस ने अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अक्षय के खिलाफ बिना लाइसेंस हथियार रखना और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वो देसी पिस्तौल कहां से लाया।