Mumbai के राजावाड़ी अस्पताल में हैरान करने वाला मामला, ICU में भर्ती मरीज की आँखों को चूहे ने काटा

मुंबई : ऑनलाइन टीम –  मुंबई नगर निगम (BMC) के राजावाड़ी अस्पताल में एक अनोखा मामला सामने आया है। अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती बेहोश पड़े एक मरीज की आँखों को चूहे ने काट लिया। मरीज के परिवार द्वारा लगाए गए आरोप के बाद मुंबई नगर निगम की मेयर किशोरी पेडणेकर ने अब इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मेयर किशोरी पेडणेकर ने कहा कि मरीज के पलकें और आसपास के सतह को कुतर दिया गया है। यह बहुत ही दुख की बात है। इस सब की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा कि – ‘मैंने दौरा किया कि यह वार्ड हर तरफ से बंद है। चूहे अंदर न आ सके इसका पूरा ध्यान रखा गया है। लेकिन, सबसे नीचे होने और बारिश की वजह से शायद दरवाजा खुल गया इस दौरान ही चूहा आईसीयू में चला गया होगा।

फ़िलहाल मरीज वेंटिलेटर पर है। इसलिए मरीज को इसके दर्द का अनुभव नहीं हुआ है। अस्पातल में नर्स ने जैसे ही मरीज की यह हालत देखी उन्होंने फ़ौरन डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। डॉक्टर द्वारा फ़िलहाल मरीज की आंखों की जांच की जा रही है। मेयर ने आगे कहा कि चूंकि यह आईसीयू वार्ड है, इसलिए यह ग्राउंड फ्लोर पर है। जिससे मरीज को आसानी से जल्दी से अंदर-बाहर ले जाया जाये। हालांकि इतनी सावधानी बरतने के बावजूद चूहे अंदर चले जाते हैं। यह पूरी घटना गंभीर है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मुंबई नगर निगम के राजावाड़ी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में बेहोश पड़े 24 वर्षीय मरीज का नाम श्रीनिवास यल्लपा है। उन्हें दो दिन पहले सांस लेने में तकलीफ के चलते राजावाड़ी नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें मेनिनजाइटिस और लीवर खराब होने का पता चला है। जब उनका इलाज चल रहा था, तो उनके रिश्तेदारों ने आज सुबह उनकी आंख से खून निकलते देखा। जब उन्होंने उसकी आँखों की जाँच की, तो उन्होंने देखा कि उसे चूहे ने काट लिया है। उसके परिजनों का आरोप है कि मरीज की आंख को चूहे ने काट लिया।