शेफाली जरीवाला का छलका दर्द, बोलीं- दूसरी शादी के मामले में लोग मर्दों को नहीं, सिर्फ औरतों को करते हैं जज

मुंबई : ऑनलाइन टीम – ‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला की पराग त्यागी संग दूसरी शादी है। इससे पहले एक्ट्रेस मित ब्रोस सिंगर हरमीत सिंह के साथ थीं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि किस तरह वह अपने डिवोर्स से उबर पाईं और सोचने पर मजबूर हो गईं कि उन्हें प्यार दोबारा नहीं हो सकता। वह इस समय पराग त्यागी संग बेहद खुश हैं। साल 2004 में शेफाली ने हरमीत सिंह के साथ शादी रचाई थी। दोनों का साल 2009 में डिवोर्स हुआ। साल 2014 में शेफाली ने पराग संग दूसरी शादी की।

दरअसल, पहली शादी टूट जाने के बाद जब शेफाली ने पराग को अपना जीवनसाथी चुना तो उन्हें लोगों के कई ताने सुनने पड़े थे। शेफाली ने बताया कि उस समय लोगों ने उनको जलील करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। कांटा लगी और ना जाने क्या क्या कहकर भला बुरा कहा था। अब शेफाली ने इसके बारे में खुलकर बात की है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में शेफाली ने अपने तलाक के बारे में खुलकर बात की है और कहा, ‘जब आपके साथ ऐसा होता है तो आपको लगता है कि दुनिया खत्म हो गई है। यह बहुत चुनौतीपूर्ण फैसला होता है। आपको लगता है, अब आगे क्या होगा। जब मेरी शादी हुई और मेरा तलाक हुआ तब मैं एक जवान लड़की थी। यह मेरे लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण समय था लेकिन लोगों ने मुझे समझा और मेरे फैसले का सम्मान किया। इनमें मेरे माता-पिता, दोस्त और कई लोग शामिल हैं।’

https://www.instagram.com/p/CQgO3Q2nqyh/

शेफाली आगे कहती हैं, ‘जब आपके साथ यह होता है, आपको लगता है कि आपकी दुनिया खत्म हो गई है। आप यह सोचने लगते हैं कि जो आपके साथ हुआ वह गलत हुआ। एक वक्त ऐसा भी सामने आ जाता है जब आप प्यार में विश्वास करना ही छोड़ देते हैं, मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। आप यह सोचने लगते हैं कि आपको किसी से प्यार नहीं हो सकता या फिर आप किसी के साथ रिलेशनशिप में नहीं आएंगे लेकिन यह वक्त भी निकल जाता है।’ उन्होंने यह भी कहा कि वह तलाक के दौरान और दूसरी बार शादी करने पर लोगों के तानों का भी शिकार हुई हैं।

इस बारे में शेफाली कहती है, ‘यही समस्या है। लोग मर्दों को नहीं, सिर्फ औरतों को जज करते हैं। ऐसा क्यों है कि पुरुष 10 बार शादी कर सकते हैं और महिलाएं दो बार भी नहीं। महिलाओं को यह तक कह दिया जाता है कि इसी ने कुछ किया होगा। इसमें कुछ गड़बड़ होगी। मुझे भी ‘कांटा लगा’ लड़की, यह बहुत बोल्ड है और ना जाने क्या क्या सुनना पड़ा था। हम कई प्रकार की भूमिकाएं पर्दे पर निभाते हैं। हम पर्दे पर अगर बुरे दिखते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि हम अपने असल जीवन में भी वैसे ही हैं।’