शरद पवार ने भगत सिंह कोश्यारी पर साधा निशाना, बोले- ‘महाराष्ट्र के इतिहास में ऐसा गवर्नर कभी नहीं देखा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है’

मुंबई : ऑनलाइन टीम – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र के गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी पर निशाना साधा। पवार ने गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी पर संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया। पवार ने कहा कि पूरे इतिहास में महाराष्ट्र में कभी भी ऐसा राज्यपाल नहीं हुआ जो लोकतंत्र और संविधान की जिम्मेदारियों को पूरा नहीं करता है। यह एक “दुर्भाग्यपूर्ण चमत्कार” है।

बिना नाम लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की आलोचना करते हुए, पवार ने कहा कि यह उनकी (राज्यपाल की) जिम्मेदारी है कि वे राज्य सरकार और कैबिनेट में निहित शक्तियों के अनुसार संविधान की सिफारिशों को लागू करें। राकांपा सुप्रीमो की तीखी टिप्पणी तब आई, जब उनसे विधान परिषद के 12 नामित सदस्यों की सूची को मंजूरी देने में 4 महीने की देरी के बारे में सवाल पूछा गया था। ये सूची पिछले साल 6 नवंबर के आसपास कोश्यारी को सौंपी गई थी।

पवार ने याद दिलाया कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने शिकायत की थी कि गवर्नर द्वारा उनके कामों को बाधित किया जा रहा है। उन्होंने यह कई बार बोला था। पवार ने आगे कहा कि यह चिंताजनक है कि महाराष्ट्र जैसे राज्य में गवर्नर इस प्रकार कार्य कर रहे। वहीं केंद्र सरकार केवल घटनाक्रम देख रही। गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार और गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी के बीच तनातनी कई मुद्दों पर देखने को मिली है।  हाल ही महाराष्ट्र सरकार द्वारा कथित तौर पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को उत्तराखंड जाने के लिए विमान देने से मना करने को लेकर सियासी बवाल मचा था।