किसान रैली पर शरद पवार ने राज्यपाल को घेरा, बोले- राज्यपाल के पास कंगना से मिलने का वक्त, किसानों से नहीं

मुंबई : ऑनलाइन टीम – दिल्ली के बॉर्डर पर करीब 3 महीनों से किसान डेरा डाले हैं। अब किसान आंदोलन की आग पंजाब हरियाणा, दिल्ली से होते हुए महाराष्ट्र तक पहुंच चुकी है। आज कृषि कानून के विरोध में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के किसान मुंबई के आज़ाद मैदान पर आकर एकत्रित हो गए हैं। राज्य के अलग-अलग इलाकों से पैदल मार्च कर किसान मुंबई पहुंचे हैं। जहां आजाद मैदान में इनका जमावड़ा है। महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों से किसान यहां पहुंचे हैं।

इस बीच एनसीपी नेता शरद पवार समेत महाराष्ट्र के कई बड़े नेता इस कार्यक्रम में मौजूद हैं। किसानों की इस सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र पर जमकर बोला। शरद पवार ने कहा कि इन कानूनों को बिना चर्चा के पास किया गया। उन्होंने कहा कि आज देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से किसानों का आंदोलन चल रहा है। राज्यपाल के पास कंगना रनौत से मिलने का वक्त है, लेकिन आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने का वक्त नहीं है।

जो संविधान के साथ मजाक है। अगर सिर्फ बहुमत के आधार पर कानून पास करेंगे तो किसान आपको खत्म कर देंगे, ये सिर्फ शुरुआत है। महाराष्ट्र में कभी ऐसा राज्यपाल नहीं आया, जिसके पास किसानों से मिलने का वक्त नहीं है।  रविवार की रात किसानों ने आजाद मैदान में भी गुजारी। यहां नासिक, लातूर, भिवंडी, पुणे समेत महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों से हजारों किसान आजाद मैदान पहुंचे हैं।