नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन समारोह के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को पार्टी के ‘सेवा सप्ताह’ का शुभारंभ किया। भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल और विजेंद्र गुप्ता के साथ शाह ने सेवा सप्ताह अभियान के तहत यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में फर्श की सफाई की।
पार्टी नेताओं ने हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की।
5 साल से प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा 'सेवा सप्ताह' मनाती है।
हमारे प्रधानमंत्री जी का पूरा जीवन देश की सेवा और गरीबों के लिए काम करने के लिए समर्पित रहा है।
इसलिए यह उचित है कि हम उनके जन्मदिन के सप्ताह को सेवा सप्ताह के रूप में मनाएं: श्री अमित शाह #SevaSaptah pic.twitter.com/D5lpqB8fzl
— BJP (@BJP4India) September 14, 2019
सफाई करने के बाद शाह ने मीडिया से कहा, “देशभर में भाजपा कार्यकर्ता आज से सेवा सप्ताह मनाएंगे। हमारे प्रधानमंत्री ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया है और गरीबों के लिए काम किया है।”
उन्होंने कहा, “इसलिए, उनका जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मनाना उपयुक्त है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है।
मैं देशवासियों से अपील करता हूँ कि 14 से 20 सितंबर 2019 तक चलने वाले इस ‘सेवा सप्ताह’ में 'स्वच्छता ही सेवा, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति, जल संरक्षण और संवर्धन' के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं और इस अभियान में भागीदार बने।
और अपने सेवा कार्यों को #SevaSaptah के साथ साझा करें। pic.twitter.com/hxN4CifPgm
— Amit Shah (@AmitShah) September 14, 2019
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि 14 सितंबर से 20 सितंबर को पार्टी देशभर में कई सामाजिक पहल शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने मोदी द्वारा किए गए सामाजिक कार्यो के प्रदर्शन के लिए कई प्रदर्शिनियां आयोजित करने की योजना बनाई है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, मोदी के नेतृत्व में केंद्र के कार्यो का प्रदर्शन करने के लिए ये प्रदर्शिनियां सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ता आयोजित करेंगे।