21 साल तक यौन उत्पीड़न…तालाक कराया और संपत्ति के लिए अंत में हत्या कर दी 

पीलीभीत. ऑनलाइन टीम : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में संपत्ति की लालच में हत्या का मामला सामने आया है। यह मामला इसलिए संगीन है कि इसका बीजारोपण 21 साल पहले हुआ। मृतक की मां का आरोप है कि जान-बूझकर इस वारदात को षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया।

पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार, लगभग 21 साल पहले एक परिवार की लड़की कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रही थी। उसी कॉलेज में रमेश सिंह नामक व्यक्ति क्लर्क था। काम के सिलसिले में जाते रहने के चलते लड़की और क्लर्क में प्रेम हो गया। इसके बाद दोनों बेहद करीब हो गए। यहां तक कि शारीरिक संबंध भी बने। इस दौरान रमेश ने कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। तबसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और अपनी शारीरिक भूख मिटाता रहा। उसे लड़की के परिवार में सब कुछ पता चल गया था, इसलिए नजर उसकी संपत्ति पर पड़ी। लेकिन इसी बीच लड़की की शादी हो गई।

8 जुलाई को चीफ जूडिशल मैजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज शिकायत में लड़की की मां ने कहा, ‘मेरी बेटी के जीवन में कभी शांति नहीं रही। उसकी शादी हो गई, लेकिन रमेश ने उसके पति से सारी बात बता दी। इस वजह से उनका तलाक भी हो गया। बेटी के पिता की मौत के बाद रमेश का घर पर आना-जाना बढ़ गया। मैं लाचार थी। रमेश अक्सर अपने साथ चंद्र शेखर और दिलीप सिंह को भी लेकर आता था। 12 मार्च को मैं किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी, तब इन सबने मिलकर मेरी बेटी की हत्या कर दी और लाश को जला डाला। आरोपियों ने घर के सभी जेवर हड़प लिए और ऊपर के फ्लोर पर कब्जा जमा लिया।’

मृतका की वृद्ध मां का कहना है कि पुलिस से कई बार फरियाद के बाद भी नतीजा निकलता नहीं देख उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनगढ़ी थाने के एसएचओ अतर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, ‘तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक की मां ने महीनों की लंबी लड़ाई के बाद आरोपियों को सजा दिलवाने में कामयाबी हासिल की है।