वाईसीएम हॉस्पिटल में सुरक्षाकर्मी ने मरीज से की छेड़छाड़

पिंपरी। इलाज के बहाने एक वार्डबॉय द्वारा युवती से छेड़छाड़ किये जाने की मुंबई की घटना सामने आने के कुछ घँटे बाद पिंपरी चिंचवड़ शहर में भी ऐसा मामला सामने आया है। इसमें पिंपरी चिंचवड़ मनपा के वाईसीएम हॉस्पिटल मेंं एक सुरक्षाकर्मी ने एक मरीज के साथ छेड़छाड़ की है। इस सुरक्षाकर्मी ने खुद को पुलिसवाला बताकर मरीज से ज्यादती की है। इस मामले में अनिल मारुती स्वामी (47, निवासी खडकी, पुणे) नामक सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया गया है।
पिंपरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद वाघमारे ने बताया कि, इस बारे एक 19 वर्षीय लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है। इस लड़की का वाईसीएम हॉस्पिटल में इलाज जारी है। सोमवार को आरोपी सुरक्षाकर्मी उसके वार्ड में आया और खुद को पुलिस वाला बताकर लड़की को वार्ड से बाहर ले गया। बाहर ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। बुधवार को लड़की ने अपने पिता को इसके बारे में बताया। उसके पिता ने तुरंत पिंपरी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले की गंभीरता से लेकर पुलिस ने आरोपी सुरक्षाकर्मी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। यह सुरक्षा कर्मचारी ठेकेदारी पर कार्यरत है। बहरहाल मुंबई के एक हॉस्पिटल में एक वार्ड बॉय ने एक युवती से इलाज के बहाने से छेड़छाड़ किये जाने की घटना के कुछ ही घँटों बाद पिंपरी चिंचवड़ में मरीज से छेड़छाड़ का दूसरा मामला सामने आया है। इससे हॉस्पिटल्स में महिला मरीजों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है।