छेड़छाड़ से रोकने पर सरपंच के पति की निर्मम हत्या

पुणे। सँवाददाता : पूरे देश में जहां मकर सक्रांति की धूम मची हुई है, वहीं पुणे जिले के बारामती में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मकर सक्रांति की पूजा के लिए मंदिर जा रही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने से रोकने पर सोनगांव की सरपंच के पति की निर्ममता से हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर समेत आसपास के 10 से 12 घरों को आग लगा दी। हत्यारे को गिरफ्तार किए बिना मृतदेह को कब्जे में न लेने की भूमिका ग्रामीणों ने अपनाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारामती तालुका के सोनगांव की मौजूदा सरपंच जयश्री थोरात के पति युवराज थोरात की आज दोपहर सोनेश्वर मंदिर के पास एक युवक ने तेज धार वाले हथियार से एक के बाद एक कई वार करते हुए निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि, मकर सक्रांति के उपलक्ष्य में स्थानीय महिलाएं सोनेश्वर मंदिर में पूजा करने जा रही थी। मंदिर परिसर में आरोपी युवक महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवराज थोरात ने उसे रोका और समझाइश दी। इससे गुस्से में आकर उस युवक ने थोरात पर हमला करते हुए जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ऐन मकर सक्रांति के त्योहार पर दिन दहाड़े सरपंच के पति की इस तरह से निर्मम हत्या की वारदात से पूरे गांव में तनाव छा गया। इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने आरोपी युवक जिस बस्ती में रहता है उस पर हमला कर दिया और उसके घर के साथ 10 से 12 घरों को आग लगा दिये जाने की खबर है। जब तक थोरात के हत्यारे को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक उनका मृतदेह कब्जे में न लेने की भूमिका ग्रामीणों ने अपनाई है। बढ़ते तनाव के माहौल के मद्देनजर गांव में पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज करने का काम जारी रहा।