साध्वी प्रज्ञा भाजपा में शामिल, चुनाव लड़ेंगी

भोपाल : समाचार ऑनलाईन – साध्वी प्रज्ञा ठाकुर यहां बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।उन्होंने मीडिया से कहा, “मैं औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गई हूं। मैं चुनाव लड़ूंगी और जीतूंगी।”

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने यहां पार्टी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

बाद में भोपाल से चुनाव लड़ने के सवाल पर सवाददाताओं से बातचीत में प्रज्ञा ने कहा, “भोपाल संसदीय क्षेत्र में दिग्विजय सिंह कोई चुनौती नहीं हैं। मेरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित है, लिहाजा जो जरूरी होगा, वह करूंगी।”

प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि आज शाम तक सब साफ हो जाएगा।

कांग्रेस ने भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा अबतक उम्मीदवार का ऐलान नहीं कर पाई है। यहां से केंद्रीय मंत्री उमा भारती, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रज्ञा ठाकुर के नाम की चर्चा चल रही है।

साध्वी प्रज्ञा सितंबर 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में वह नौ वर्ष तक जेल में थीं और फिलहाल जमानत पर हैं।