दुखद! छोटी बहन के बर्थडे के दिन ही बहन- भाई की मौत, कोल्हापुर जिले की घटना

कोल्हापुर : घर में छोटी बहन के बर्थडे की तैयारी चल रही थी और उधर बहन-भाई की कुएं में डूब कर दुखद मौत हो गई। यह घटना रविवार (11 अप्रैल) शाम को हिडदुग्गी (ता. गडहिंग्लज) में हुई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

राजवीर किशोर तराल (उम्र 8) और प्रेरणा मनोहर कांबले (उम्र 18, दोनों नि. हिडदुग्गी) की दुखद मौत हो गई। मनोहर कांबले ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार, किशोर तराल अपने परिवार के साथ गोवा में रहते हैं। अपने भाई की शादी तय करने के लिए एक महीने पहले अपने परिवार के साथ गांव आए थे। रविवार को प्रेरणा कांबले की छोटी बहन प्रज्ञा का जन्मदिन था। जन्मदिन के लिए घर में मेहमान आए थे। शाम को जन्मदिन की तैयारी शुरू थी। उसी समय प्रेरणा यह कहकर कुएं पर गई कि वो कपड़े धोकर लाती है।

राजवीर भी उसके साथ चला गया। तभी हाथ-पैर धोते समय राजवीर का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। भाई को बचाने के लिए प्रेरणा भी पानी में कूद गई। हालांकि उसे भी तैरना नहीं आता था। देर तक घर नहीं लौटने के कारण उनकी खोज शुरू हुई। तभी पता चला कि दोनों डूब गए। दोनों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टर ने इलाज से पहले ही मृत घोषित कर दिया।