रिवर सायक्लोथॉन के द्वितीय संस्करण की घोषणा

इंद्रायणी स्वच्छता अभियान के तहत अविरत श्रमदान संस्था, सायकल मित्र, पुणे, महेशदादा स्पोट्‌र्स फाऊंडेशन और पिंपरी चिंचवड मनपा की पहल 
पिंपरी। संवाददाता 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना से साकारे जा रहे स्वच्छ भारत अभियान और नमामि गंगा अभियान की पृष्ठभूमि पर इंद्रायणी नदी को प्रदूषण रोकने के लिए ‘रिवर सायक्लोथॉन’ के दूसरे संस्करण की घोषणा शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में की गई। संत ज्ञानेश्वर माऊली और जगद्‌गुरु संत तुकाराम महाराज के पदस्पर्श से पावन इस नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए चलाए जा रहे इस स्तुत्य अभियान में शामिल होने की अपील महापौर माई ढोरे ने की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में रविवार (1 दिसंबर) को यह सायक्लोथॉन आयोजित किया गया है। इसके आयोजन का यह दूसरा साल है।
इसके आयोजन के लिए भोसरी परिसर में पर्यावरण क्षेत्र में कार्यरत अविरत श्रमदान संस्था, सायकल मित्र, पुणे, महेशदादा स्पोट्‌र्स फाऊंडेशन और पिंपरी चिंचवड मनपा ने पहल की है। इस मौके पर महापौर माई ढोरे, उपमहापौर तुषार हिंगे, स्थायी समिति अध्यक्ष विलास मडेगिरी, पूर्व महापौर राहुल जाधव, नगरसेविका उषा मुंढे, उद्यमी कार्तिक लांडगे, टाटा मोटर्स एम्प्लॉईज युनियन के अध्यक्ष सचिन लांडगे, कार्याध्यक्ष अशोक माने, सचिव दलवी, नगरसेवक सागर गवली, दिनेश यादव, अविरत श्रमदान के दिगंबर जोशी, डॉ. निलेश लोंढे, विश्राम कुलकर्णी, सायकल मित्र के बाप्पू शिंदे, डॉ. आनंद पिसे, पिंपरी चिंचवड मनपा पर्यावरण विभाग के सहशहर अभियंता संजय कुलकर्णी आदि उपस्थित थे।
देश की प्रमुख नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ‘नमामि गंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी तर्ज पर महाराष्ट्र में भी नदी प्रदूषण मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सरकार, प्रशासन के साथ सामाजिक संगठन, विद्यार्थी, युवक, गृहिणी, कामगार, उद्यमी और आम नागरिकों का सहभाग हासिल करने के लिए इस रिवर सायक्लोथॉन का आयोजन किया गया है। इसमें सायकल रैली, मानवी श्रृंखला, विद्यार्थियों के लिए निबंध स्पर्धा, वत्कृत्व स्पर्धा, चित्रकला स्पर्धा, प्रत्यक्ष श्रमदान, देहू से आलन्दी इंद्रायणी नदी स्वच्छता अभियान आदि का समावेश है। 1 दिसंबर की सुबह छह बजे भोसरी के स्व. अंकुशराव लांडगे सभागृह से 5, 10 और 20 किमी की साइकिल रैली आयोजित की गई है। इसका उदघाटन भूतपूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया जाएगा। अब तक सात हजार से ज्यादा विद्यार्थियों व नागरिकों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है। 11 हजार से ज्यादा लोगों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।