5 राज्यों के निवासियों पर बंदिशें… दिल्ली में दाखिल होने के लिए कोरोना रिपोर्ट बना पासपोर्ट  

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : देश के 5 राज्यों में कोरोना का जोरदार पलटवार हुआ है। केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में कोविड-19 के नए मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात ने ‘हाई-रिस्क’ स्टेट महाराष्ट्र से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग के निर्देशित दिए हैं। मध्य प्रदेश और गुजरात ने महाराष्ट्र के आस-पास के सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इन राज्यों से उत्तर प्रदेश में आने वालों के लिए अलग से दिशानिर्देश जारी कर सकता है। ‘रेड जोन’ से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना टेस्ट और आइसोशलेन अनिवार्य किए जाने के निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

महाराष्ट्र, केरल और पंजाब समेत पांच राज्यों से आने वाले लोगों को अब राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने से पहले कोविड-19 की ‘निगेटिव’ जांच रिपोर्ट दिखानी होगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।  आदेश  15 मार्च तक प्रभावी रहेगा। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार को हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई थी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के दैनिक मामले बढ़ रहे हैं। संभावना है कि बीच के कुछ दिनों में मामलों की संख्या बढ़ने के पीछे का कारण वायरस का म्यूटेशन या नए वैरिएंट हैं। इससे पहले 22 फरवरी सोमवार को कोरोनावायरस के 14,199 मामले सामने आए थे। वहीं 21 फरवरी को 14,264 मामले और 20 फरवरी को 13,993 मामले दर्ज हुए थे। केरल में पहले की तुलना में संक्रमण के मामले घट रहे हैं लेकिन अब भी संक्रमण के ज्यादा मामले आ रहे हैं।