पुणे जिले में कोरोना के नए मामलों में गिरावट से राहत

24 घँटे में मिले 7888 नए मरीज; साढ़े 10 हजार अस्पताल से हुए डिस्चार्ज
पुणे। बीते चार दिन से जहां 10 से 12 हजार से भी ज्यादा नए मामले सामने आने से गहरी चिंता के साये में रहे पुणे जिले को थोड़ी राहत मिली है। गुरुवार को नए मामलों में आयी गिरावट से जिले को राहत मिली है। पुणे जिले में 24 घँटे के भीतर 7888 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख 76 हजार 14 तक पहुंच गया है, जिसमें से 5 लाख 68 हजार 2 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। फिलहाल अस्पतालों में 97 हजार 115 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 10 हजार 897 मरीजों की मौत दर्ज हुई है।
पुणे जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 1.61 फीसदी और रिकवरी रेट 84.02 फीसद दर्ज हुआ है। वहीं बात करें पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) की तो यहां पर आज संक्रमितों का आंकड़ा 9 लाख 39 हजार 846 तक पहुंच गया है। संभाग में गुरुवार तक कुल 56 लाख 76 हजार 611 लोगों की टेस्ट की गई है। अब तक 7 लाख 96 हजार 658 मरीजों ने कोरोना मुक्त हुए हैं। फिलहाल एक लाख 24 हजार 434 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 18 हजार 754 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग का रिकवरी रेट 84.76 फीसदी व डेथ रेट 2 फीसदी दर्ज हुआ है।
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में बीते 24 घँटे के भीतर कोरोना के 11 हजार 114 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 7888 मरीज शामिल है। इसके अलावा सातारा में 1100, सोलापुर में 976, सांगली में 762 और कोल्हापुर जिले में 388 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। राहत की बात है कि संभाग में आज कुल 11 हजार 974 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 10 हजार 578, सातारा जिले के 181, सोलापुर जिले के 747, सांगली जिले के 314 और कोल्हापुर जिले के 154 मरीज शामिल हैं।
पुणे से सटे सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 76 हजार 528 हो गया है। इसमें से 64 हजार 635 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1965 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 9928 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 74 हजार 415 हो गई है। इसमें से 62 हजार 456 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 2183 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 9776 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 57 हजार 499 हो गया है। इसमें से 50 हजार 758 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1872 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 4869 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 55 हजार 390 संक्रमितों में 1837 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 50 हजार 807 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 2746 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।