रणबीर कपूर भी कोरोना पॉजिटिव, खुद मां नीतू कपूर ने की खबर की पुष्टि 

मुंबई. ऑनलाइन टीम : मुंबई में कोरोना की रफ्तार फिर तेज हो गई है। फिल्मी दुनिया के अनेक लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। अब रणबीर कपूर भी पॉजिटिव निकले हैं।

इसके पहले बताया जा रहा था कि रणबीर के तबीयत ठीक नहीं। कयास लगाए जा रहे थे कि कहीं कोरोना तो नहीं हुआ, मगर इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही थी। अब उनकी मां नीतू कपूर ने कन्फर्म कर दिया है कि रणबीर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रणबीर को अभी होम क्वॉरेंटीन किया गया है।

नीतू ने इंस्टाग्राम पर रणबीर की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आप सभी की चिंताओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। रणबीर कोविड-19 के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें दवाइयां दी जा रही हैं और वह अच्छे से रिकवर कर रहे हैं। वह अभी घर पर सेल्फ क्वॉरेंटीन हैं और सभी सावधानियां बरत रहे हैं। रणबीर कपूर के कई फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि बीते साल दिसंबर नें उनकी मां अभिनेत्री नीतू कपूर भी कोरोना वायरस का शिकार हो गई थीं। ‘जुग जुग जियो’ फिल्म की शूटिंग के दौरान वह कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं। नीतू कपूर फिल्म की शूटिंग के लिए चंडीगढ़ गई थीं जहां इस खतरनाक महामारी का शिकार हो गईं थीं। जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मुंबई लाया गया था। अच्छी बात यह है कि अभिनेत्री अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।