उत्तर प्रदेश में बुधवार को कई हिस्सों में बारिश की संभावना

लखनऊ, 14 जनवरी (आईएएनएस)| पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ा है। यहां भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश व ओले गिरे है। जिस कारण गलन बढ़ी है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मौसम विभाग के करवट लेने के आसार है। ऐसे में लखनऊ समेत कई हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। बादलों की आवाजाही बरकार रहेगी। लेकिन बुधवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पाकिस्तान-जम्मू कश्मीर के पास बने विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव जारी है।

मंगलवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस, बनारस का 9.6 डिग्री, बहराइच का 9.8 डिग्री, प्रयाग का 11.6 डिग्री और गोरखपुर का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।