आज पुड्डुचेरी पहुंचेंगे राहुल… किरण बेदी ने कहा-लगन से लोगों की सेवा की

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले इस केंद्र शासित प्रदेश में बड़े सियासी उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। केंद्र सरकार ने पुड्डुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी को हटा दिया है। उनकी जगह  फिलहाल तेलंगाना की राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन को पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। किरण बेदी ने कहा कि- मैं पुडुचेरी में उपराज्यपाल के रूप में  जीवन भर के अनुभव के लिए भारत सरकार का धन्यवाद करती हूं। मैं उन सभी को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मेरे साथ मिलकर काम किया। मैं संतोष के साथ कह सकती हूं कि इस कार्यकाल के दौरान ‘टीम राज निवास’ ने लगन से जनहित की सेवा की।

गौरतलब है कि बेदी को ऐसे समय पर हटाया गया है जब केंद्र शासित प्रदेश में एक और विधायक के सदस्यता से इस्तीफे के बाद राज्य की कांग्रेस सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में अपना बहुमत खो दिया है। मौजदा सदन में कांग्रेस नीत गठबंधन के अब 14 विधायक रह गए हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 21 जून 2021 को समाप्त हो रहा है।

सदन में प्रभावी सदस्यों की संख्या के आधार पर बहुमत का आंकड़ा 15 है।  गठबंधन की बात करें तो विधानसभा में सरकार और विपक्षी दलों के विधायकों की संख्या 14-14 है। पुड्डुचेरी विधानसभा में कुल 33 सीटें हैं। इनमें 30 पर चुनाव होता है, जबकि तीन सीटों पर विधायकों का मनोनयन होता है।

विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले विधायकों में से दो बीजेपी में शामिल हो गए हैं। प्रदेश में यह राजनीति घटना ऐसे समय घटित हुई है, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पुडुचेरी दौरे पर आज बुधवार को आने वाले हैं। विपक्षी दलों ने फ्लोर टेस्ट की मांग करते हुए वी नारायणसामी से इस्तीफा देने को कहा है।