राहुल, सोनिया ने शेषन के निधन पर दुख जताया

 

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए चुनाव आयोग को सशक्त करने में उनकी भूमिका को याद किया। सोनिया गांधी ने कहा, “कैबिनेट सचिव के पद तक पहुंचकर देश सेवा करने वाले अनुभवी सिविल सेवक शेषन भारतीय निर्वाचन आयोग को मजबूती देने और अब तक हुए कई चुनाव सुधारों के लिए मार्गदर्शन करने के कारण हमेशा याद किए जाएंगे।”

वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने भी ट्विटर पर शेषन को याद करते हुए उन्हें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तौर पर निष्पक्ष, बहादुर और निडर बताया।

उन्होंने ट्वीट किया, “आज के विपरीत, एक समय था जब हमारे चुनाव आयुक्त निष्पक्ष, बहादुर, सम्मानित और निडर होते थे। शेषन उनमें से एक थे। उनके निधन पर उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

भारतीय चुनावों में पारदर्शिता लाने के लिए कठोर चुनावी नियम को सख्ती से लागू करने वाले शेषन का रविवार को चेन्नई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया था। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वे 86 वर्ष के थे।

कैबिनेट सचिव तक बनने वाला भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी शेषन सेवानिवृत्त होने के बाद भारत के 10वें मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे। उन्होंने इस पद पर 12 दिसंबर 1990 से 11 दिसंबर 1996 तक अपनी सेवाएं दी थीं।