इस्तीफा देते ही उठे बवंडर के बीच राहुल गांधी ने देखी ‘आर्टिकल 15’, यूजर्स ने किए कमेंट

रिलैक्स मूड में आए नजर

समाचार ऑनलाइन- कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस्तीफे के बाद से उठे बवंडर के बीच राहुल खुद को रिलैक्स करने पहुंचे। हाल ही में राहुल गांधी दिल्ली के मल्टीप्लेक्स में नजर आए। राहुल गांधी यहां आयुष्मान खुराना स्टारर फिल्म ‘आर्टिकल 15’ देखने पहुंचे थे।

राहुल गांधी का ये वीडियो सोशल मीडिया देखते ही देखते वायरल हो गया है। वीडियो में राहुल सिनेमा हॉल में बैठे नजर आ रहे हैं। वाइट कलर की टीशर्ट में राहुल काफी रिलैक्स नजर आ रहे हैं। राहुल के इस वीडियो को विरल भयानी ने अपने अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो को अब तक 20 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

बता दें राहुल का ये वीडियो उनके चाहने वाले खूब पसंद कर रहे हैं। हालांकि कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करने की भी कोशिश की। एक यूजर ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- भगवान माफ नहीं करेगा। एक ने लिखा- अच्छा ही है आजादी मिल गई। बहुत बोझ हो गया था अकेले कंधे पर।

एक यूजर ने लिखा- अपनी पार्टी को परेशान करके आप यहां मूवी देख रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स ने फिल्म देखने के लिए राहुल गांधी का सपोर्ट भी किया। एक यूजर ने लिखा- हां तो क्या हुआ वो मूवी ही देख रहे हैं किसी की तरह सेलिब्रिटीज की शादियों में घूमकर खाना तो नहीं खा रहे। कुल मिलाकर एक तरफ जहां लोग राहुल के इस स्टेप पर उनकी तरफदारी कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग उन्हें बुरा-भला भी बोल रहे हैं।

वहीं राहुल गांधी के इस्तीफे की बात करें तो उन्होंने बुधवार को अपने ट्विटर हैंडल पर चार पेज का इस्तीफा ट्वीट किया था। इसी के साथ उन्होंने औपचारिक लिखित घोषणा करके लगभग सवा महीने से अध्यक्ष पद पर बने रहने को लेकर जारी असमंजस खत्म कर दिया। राहुल ने साफ कहा कि अब वह कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नहीं हैं और इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद राहुल ने कहा था, ‘मैं कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 2019 के चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेता हूं। पार्टी के बेहतर भविष्य के लिए जवाबदेही महत्वपूर्ण है। पार्टी के पुनर्निर्माण के लिए कड़े फैसले लेने होंगे। इसीलिए अध्यक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी की अनदेखी कर दूसरों को जवाबदेह ठहराना अन्याय होगा।’