87 लाख का प्लॉट खरीदा, फिर सुरंग बनाकर डॉक्टर के घर से ले भागे करोड़ों की चांदी

जयपुर. ऑनलाइन टीम  कहते हैं चोरो की बुद्धि राज से भी तेज चलती है। किसी जमाने में कही गई यह लोकोक्ति सार्वकालिक है। हमेशा ही यह सिद्ध होता आया है। राजस्थान के जयपुर में भी शुक्रवार को चोरों ने इसे चरितार्थ किया।  वारदात सुनकर आप भा हैरान हो जाएंगे।

जयपुर स्थित वैशाली नगर के डी-ब्लॉक में रहने वाले एक नामी डॉक्टर के घर में चोरीकी यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार,  डॉक्टर के घर में चोरी करने के लिए चोरों ने पहले महीनों रेकी की। उसके बाद अजूबा प्लान बनाया। उनके घर से लगा हुआ एक प्लॉट 87 लाख रुपये में खरीदा। तीन महीने के अथक प्रयास से  उस प्लॉट से डॉक्टर के घर के बेसमेंट तक एक 15 फीट सुरंग बना दी। इस सुरंग के जरिए शातिर चोर इसके बाद उनके घर में घुसे और करोड़ों की कीमत वाली चांदी का बॉक्स लेकर चंपत हो गए।

जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घर में गड्ढा देख पहले तो डाक्टर समझ नहीं पाए। बाद में उसमें उतरे तो सीधे उस प्लॉट में निकल आए। उन्हें सारा माजरा समझ में आ गया। इसके बाद पुलिस थाने पहुंचे और रिपोर्ट लिखाई। वे हेयर ट्रांसप्लांट करते हैं।

पुलिस का मानना है कि चोरों को चिकित्सक के घर की पूरी जानकारी थी। इसके चलते ही उन्होंने पूरी योजना बनाई। साथ ही सुरंग खोदकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 3 माह पहले ही डॉक्टर ने बेसमेंट में वो चांदी का बॉक्स रखा था, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनके बेसमेंट में रखे बॉक्स को चुराने के लिए चोर इतनी बड़ी योजना बना रहे हैं।  फिलहाल कितनी चांदी चोरी हुई। इसकी पूरी जानकारी नहीं है। पुलिस को पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि एक बॉक्स में बड़ी मात्रा में चांदी थी। कुल तीन चांदी के बॉक्स बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का अनुमान है कि चोरी की वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हैं और उनमें वे लोग शामिल हो सकते हैं, जिनका डॉक्टर के घर से करीबी रिश्ता है। अन्यथा इसकी जानकारी बाहर वालों को कैसे लगती। बहरहाल पुलिस जांच कर रही है।