शादी के लिए विवाहिता को चाकू से धमकाने वाला गुंडा गिरफ्तार

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – शादी के लिए एक विवाहिता से मारपीट करने और चाकू से धमकाने वाले एक गुंडे को पिंपरी चिंचवड की सांगवी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पिंपले गुरव में गुरुवार को हुई इस वारदात में गिरफ्तार आरोपी का नाम इसाक उर्फ गुड्ड्या रज्जाक शेख निवासी जवलकर नगर, पिंपले गुरव, पुणे है। उसके खिलाफ एक 27 वर्षीय विवाहिता ने सांगवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार गत दो साल से इसाक पीड़ित महिला का लगातार पीछा कर रहा था। वह उस पर दबाव डाल रहा था कि महिला अपने पति को छोड़कर उसके साथ ब्याह रचा ले। हालांकि महिला ने उसे साफ मना कर दिया। मगर वह फिर भी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। गुरुवार की दोपहर एक बजे के करीब महिला अपनी सोसायटी की पार्किंग में रुकी थी तब इसाक वहां आया। उसने फिर वही राग अलापना शुरू कर दिया। महिला ने मना किया तो उसने उसे और महिला के पति को चाकू से धमकाया। मैं यहां का भाई हूँ, ऐसा कहकर महिला की पीठ में लात मारी और एक चांटा जड़ दिया। यही नहीं उनके एक पड़ोसी के फ्लैट के दरवाजे में भी तोड़फोड़ की। इस बारे में शिकायत दर्ज होने के बाद सांगवी पुलिस ने इसाक को खोज निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की छानबीन शुरू है।