बेहतर प्रदर्शन के लिए पुणे रेल मंडल हुआ सम्मानित

पुणे : पुणे रेल मंडल लगातार बेहतर प्रदर्शन की वजह से उपलब्धियाँ प्राप्त करता रहा है I विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य निष्पादन के लिए सामग्री प्रबंधन विभाग, मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के लिए कार्मिक विभाग तथा श्रेष्ठ कार्यों के लिए इंजीनियरिंग विभाग को मध्य रेल के महाप्रबंधक द्वारा शील्ड देकर सम्मानित किया गया है I इसी कड़ी में पुणे रेल मंडल के वाणिज्य विभाग को टिकट जाँच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने शील्ड देकर सम्मानित किया I

मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मणिजीत सिंह ने पुणे रेल मंडल को शील्ड देकर सम्मानित किया I यह शील्ड पुणे रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा ने प्राप्त किया I

 पुणे रेल मंडल को  टिकट जाँच में   वर्ष  2019-20  के दौरान  लगभग 19 करोड़ 44  लाख रूपये का  राजस्व प्राप्त हुआ I यह उपलब्धि तीन लाख सत्तर हज़ार मामलों में प्राप्त हुई जिसमे बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने के  मामले शामिल हैंI

यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक रेणू शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक सहर्ष बाजपेयी के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा के नेतृत्व तथा टिकट जाँच  कर्मचारियों के परिश्रम से संभव हुई है I