पत्नी को कुल्हाड़ी से काटने के बाद फांसी झूल गया पति

पुणे सामाचर ऑनलाइन टीम – चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने का मामला सामने आने से पुणे में सनसनी फैल गई है। कात्रज परिसर के मांगडेवाडी इलाके में शनिवार की रात घटी यह घटना रविवार की सुबह उजागर हुई। खुदकुशी करनेवाले ने दो सगी बहनों से ब्याह किया था और तीनों एक साथ एक ही छत के नीचे रहते थे, यह जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनिता तुकाराम कोरे (32) ऐसा इस वारदात में मारी गई पत्नी का नाम है। उसकी निर्ममता से हत्या करने के बाद उसके पति तुकाराम गंगाराम कोरे (40) ने खुदकुशी कर ली है। इस बारे में तुकाराम की दूसरी पत्नी जगदेवी कोरे (38) ने शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार भारती विद्यापीठ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि तुकाराम ऑटो रिक्शा चलाता था और कात्रज की माँगड़ेवाड़ी में अपनी दो पत्नियों के साथ रहता था।

पुलिस ने बताया कि तुकाराम की दोनों पत्नियां यानी अनिता और जगदेवी दोनों सगी बहनें हैं। जगदेवी उसकी पहली और अनिता दूसरी पत्नी है। तुकाराम को अनिता के चरित्र पर शक था, इस पर से दोनों के बीच विवाद होते थे। शनिवार की रात भी उनके बीच इसी विषय में झगड़ा हुआ। यह झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि तुकाराम ने गुस्से में आकर अनिता के सिर में कुल्हाड़ी से मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। उसकी हत्या करने के बाद साड़ी से फांसी का फंदा बनाकर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आज सुबह जब जगदेवी नींद से जगी तब उन्हें इसका पता चला। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।