Pune News : पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के पास विवाहिता ने खुद को लगायी आग

पिंपरी : कोख से बेटी पैदा होने के बाद ससुराल वालों के रोज़ के ताने और परेशानियों से तंग आकर एक विवाहित महिला ने खुद को आग के हवाले कर दिया। यह घटना बुधवार (10 मार्च) को शाम 5 बजे के करीब पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के पास स्थित प्रेमलोक पार्क की अभिषेक सोसायटी में हुई।

ससुरालवालों को वंश आगे बढ़ाने के लिए एक कुल दीपक की चाहत थी। जब महिला की कोख से बेटी पैदा हुयी तो उसके ससुराल वालों ने महिला को परेशान करना शुरू कर दिया। महिला ने गुस्से में आ कर खुद को आग लगा दी।

चिंचवड़ पुलिस ने आनंद छगनराव खैरनार, छगनराव सुखलाल खैरनार, कमलाबाई छगनराव खैरनार और अलका कैलाश ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने सोमवार (15 मार्च) को चिंचवड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

चिंचवड़ पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को उसके ससुराल वालों ने लगातार बेटियाँ पैदा करने पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इससे तंग आ कर विवाहित महिला ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डाला और माचिस की तीली से खुद को आग लगा दी। पीड़ित महिला इस घटना में 50 से 55 फीसदी तक झुलस गयी और हाल में, उनका पुणे के ससून अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उप-निरीक्षक विकास मडके आगे की जांच कर रहे हैं।