Pune : पुणेकरों के लिए बड़ी खबर! कल से सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक खुली रहेगी सभी दुकानें

पुणे : ऑनलाइन टीम – राज्य में कोरोना वायरस के घटते मामलों के बावजूद राज्य में मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। कुछ जिलों में कोरोना के मामलों में अभी तक कमी नहीं आई है। इसलिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में 15 जून तक लॉकडाउन की पाबंदियां बरकरार रखने का ऐलान किया है। हालांकि, उन्होंने स्थानीय प्रशासन को कम मरीज संख्या वाले शहरों और स्थानों पर प्रतिबंधों में ढील देने की इजाजत दी है।

इसकी जानकारी पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने शहर में नई पाबंदियों की जानकारी भी दी है। जिसके मुताबिक, अब पुणे शहर की सभी दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे (सोमवार से शुक्रवार) तक खुली रहेंगी।

शनिवार और रविवार को केवल आवश्यक सेवाओं की दुकानें ही चालू रहेंगी। लेकिन, शहर के जिम, पार्क, गार्डन और होटल सभी बंद रहेंगे। इस बीच, होटल की पार्सल सेवाएं जारी रहेंगी। यह आदेश अगले दस दिनों के लिए लागु किया गया है। आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पीएमपीएमएल बस सेवा जारी रहेगी। मेयर मुरलीधर मोहोल ने जानकारी दी है कि आम नागरिक फिलहाल इससे यात्रा नहीं कर सकेंगे। इस बीच शहर में प्रतिबंधों में कुछ हद तक ढील दी गई है, लेकिन नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे बेकार में बाहर न निकलें।