2.32 लाख संपत्तियों के संपत्ति कर में होगी ढाई गुना वृद्धि

पिंपरी। सँवाददाता – पिंपरी चिंचवड मनपा आयुक्त ने शहर में 2007 से पूर्व की संपत्तियों के संपत्ति कर में दो से ढाई गुना बढ़ाने का फैसला किया है। एक अप्रैल से इस फ़ैसले की अमलबाजी करने की घोषणा उन्होंने की है। शहर में 2007 से पहले की दो लाख 32 हजार की संपत्ति है। इन संपत्तियों के लिए एक साथ दो से ढाई गुना करवृद्धि की जा रही है। इस कर वृद्धि का राष्ट्रवादी कांग्रेस, शिवसेना, कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि जब शहर में कोई सुविधा न थी तब लोगों ने अपने घर बनाये हैं। अब उनसे एक ही बार में ढाई गुना ज्यादा कर लेना अन्यायकारी है।
पिंपरी चिंचवड शहर में आज की तारीख में पांच लाख 25 हजार संपत्ति है। इसमें 2007 से पूर्व की दो लाख 32 हजार संपत्तियां शामिल हैं। इसमें एक लाख 89 हजार रिहायशी, 26 हजार ग़ैररिहायशी, 8 हजार 500 संमिश्र, चार हजार औद्योगिक व अन्य संपत्तियां शामिल है। पुरानी व नई संपत्तियों के करयोग्य मूल्य में काफी अंतर है क्योंकि अब तक जो करयोग्य मूल्य बढ़ाये गए हैं वह नई संपत्तियों के लिए ही बढ़ाई गई है। इसमें सूसूत्रता लाने के लिए मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर ने नए वित्त वर्ष के बजट में 2007 के पहले की दो लाख 32 हजार संपत्तियों के करयोग्य मूल्य में दो से ढाई गुना बढ़ोतरी सुझाई है।
मनपा आयुक्त ने यह साफ कर दिया है कि अगर सर्वसाधारण सभा में करवृद्धि का प्रस्ताव खारिज किया जाता है तो भी करवृद्धि के अधिकार आयुक्त के नाते उनके हैं। वे अपने अधिकार में करवृद्धि करेंगे और इसकी अमलबाजी एक अप्रैल से की जाएगी। हालांकि एक साथ इतनी ज्यादा करवृद्धि का फैसला किये जाने से लोगों में नाराजगी का माहौल है।  इस फैसले का विपक्षी दल के नेता नाना काटे, शिवसेना के गुटनेता राहुल कलाटे, कांग्रेस अध्यक्ष सचिन साठे ने पुरजोर विरोध किया है। यह करवृद्धि लादने की कोशिश किए जाने पर सड़को पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी भी उन्होंने दी है।