राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने प्रकाश पर्व पर गुरु गोबिंद सिंह को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)| राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गुरु गोबिंद सिंह की जयंती (प्रकाश पर्व) पर सिख धर्म गुरु को ट्विटर के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की।

गुरु गोबिंद सिंह हैशटैग के साथ 17.7 हजार ट्वीट किए गए और यह ट्विटर पर ट्रेंड हुआ।

सिखों के 10वें गुरु का जन्म 1666 में बिहार के पटना साहिब में हुआ था। आध्यात्मिक गुरु, योद्धा, कवि और दार्शनिक रहे गुरु गोबिंद सिंह की जयंती दिसंबर या जनवरी में पड़ती है।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, “गुरु गोविंद सिंह जी को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि। उनका जीवन लोगों की सेवा और सत्य, न्याय एवं करुणा के जीवन-मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन और शिक्षाएं हमें आज भी प्रेरित करती हैं।”

उपराष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “आज गुरु गोविंद सिंह की जयंती के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी जीवनभर अन्याय के खिलाफ खड़े रहे। उनकी शिक्षाएं हर समय प्रासंगिक रहेंगी।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंग्रेजी और पंजाबी में ट्वीट किया : “हम आदरणीय श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को उनके प्रकाश पर्व (जयंती) पर नमन करते हैं।”

मोदी ने गुरु गोविंद सिंह की शिक्षाओं और मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि हम सभी गुरु गोविंद सिंह के मार्ग पर चलकर नए भारत के निर्माण के अपने संकल्प को मजबूत करेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मैं गुरु गोविंद सिंह जी के प्रति श्रद्धा रखता हूं, जिन्होंने अपने धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया और अन्याय व अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी।”

इसके अलावा आम आदमी पार्टी की नेता स्वाति मालीवाल, क्रिकेटर सुरेश रैना और वी. वी. एस. लक्ष्मण ने भी सिखों के 10वें गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।