प्रकाश आंबेडकर ने खराब किया कइयों का खेल, एनसीपी को सबसे अधिक नुकसान

मुंबई : समाचार ऑनलाईन  – कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन से सीट समझौता न होने के कारण अकेले राज्य की सभी 48 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने वाले वंचित बहुजन आघाडी के संयोजक प्रकाश आंबेडकर भले ही खुद चुनाव नहीं जीत सके पर उनके उम्मीदवारों की वजह से कई नेताओं का खेल खराब हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण को अपनी परंपरागत सीट नांदेड से भाजपा उम्मीदवार प्रतापराव चिखलीकर से पिछड़ना पड़ा है।

यहां से वंचित बहुजन आघाडी के उम्मीदवार यशपाल शिंदे को 1 लाख 61 हजार 303 वोट मिले थे। इसके चलते कांग्रेस के चव्हाण भाजपा उम्मीदवार चिखलीकर के हाथों पराजित हो गए। आंबेडकर दो लोकसभा सीटों सोलापुर और अकोला से चुनाव लड़े थे। अकोला सीट पर आंबेडकर को 2 लाख 73 हजार 172 वोट मिले। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार हिदायतुल्ला पटेल को 2 लाख 47 हजार 73 वोट हासिल हुए। इससे भाजपा के संजय धोत्रे 5 लाख 42 हजार 152 वोट पाकर जीत गए। इसी तरह आंबेडकर ने सोलापुर सीट पर 1 लाख 62 हजार 870 वोट हासिल किए। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे को 3 लाख 54 हजार 994 वोट मिले। शिंदे 1 लाख 50 हजार 138 वोटों के अंतर से पराजित हो गए।