पुणे, मुंबई समेत कई हिस्सों में बारिश की आशंका

पुणे। गत कुछ दिनों से मौसम ने करवट बदली है जिसकी वजह से राज्य में ठंड बढ़ गई है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखी गयी थी। दक्षिण मध्य अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से राज्य में बारिश की आशंका व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने पुणे, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश होने की आशंका जताई है। मराठवाड़ा और विदर्भ के भी कुछ हिस्सों में बारिश की उम्मीद की जा रही है। बीते 24 घंटों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और मराठवाड़ा में कई जगहों पर हल्की बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में आगामी 9 जनवरी तक बारिश का वातावरण रहेगा। जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ में 8 जनवरी तक बारिश होने की संभावना है। इसी प्रकार 7 जनवरी तक कोंकण,गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। 7 से 9 जनवरी के बीच रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, अहमदनगर, कोल्हापुर, सतारा और सांगली, 8 जनवरी को नाशिक, औरंगाबाद, 8 और 9 जनवरी को मुंबई, ठाणे, रायगढ़, धुले, नंदूरबार और जलगांव के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की आशंका है।
अचानक से बारिश का वातावरण बनने के कारण राज्य के कई हिस्सों में ठंड अचानक गायब हो चुकी है। मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में अच्छी खासी सर्दी देखने को मिली थी। जनवरी की शुरुआत में पूरे महाराष्ट्र में ठंड का असर कुछ कम हुआ था। समुद्र से आने वाली शुष्क हवाओं की वजह से राज्य में ठंड का असर काफी कम हो गया है। बेमौसम बरसात वाले वातावरण की वजह से प्याज उत्पादक किसानों की फसल काफी हद तक प्रभावित हुई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।