चोरगे गैंग के सरगना समेत दो पर पुलिस ने कसा शिकंजा

पिंपरी चिंचवड़ क्राइम ब्रांच यूनिट 1 की सफलता
पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – सातारा हाइवे पर आणेवाडी टोल नाका पर टोल चुकाने को लेकर हुए विवाद में वहां के कर्मचारियों पर फायरिंग करनेवाली कुख्यात गैंगस्टर रोहिदास चोरगे गैंग के सरगना पर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम 1के यूनिट 1 ने चाकण से शिकंजा कसा है। उसके साथ उसके एक साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रोहिदास ऊर्फ बापू अनन्ता चोरगे (45) निवासी वांगनी, वेल्हा, पुणे और सचिन राजाराम ढोरे (30, निवासी केसनंद, हवेली, पुणे) ऐसे गिरफ्तार आरोपियों के नाम है। दोनों को टोलनाका फायरिंग मामले की जांच कर रही सातारा जिले की भुईंज पुलिस के हवाले किया गया है।
सातारा-पुणे महामार्ग पर आणेवाडी टोलनाका पर 25 मार्च की रात एक बजे टोल चुकाने को लेकर हुए विवाद में पुणे के कुख्यात गैंगस्टर रोहिदास ऊर्फ बापू चोरगे और उसके साथियों ने नाके के कर्मचारियों पर फायरिंग कर उनसे मारपीट की थी। इस बारे में भुईज पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि चोरगे समेत कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं। हालिया पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच के युनिट -1 की टीम ने लहु जनार्धन माने (36, निवासी सुखसागरनगर, कात्रज, पुणे) और भगवान महादेव खुटवड (45, निवासी फ्लैट नं 11, गुरूदत विहार, भारती विदयापीठ, पुणे) को गिरफ्तार किया है।
पिंपरी कैम्प में हितेश मूलचंदानी अपहरण व हत्या मामले के आरोपियों की तलाश में जुटी पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 1 के सहायक निरीक्षक गणेश पाटिल, कर्मचारी प्रवीण पाटिल, गणेश सावंत, सचिन मोरे, विशाल भोईर के समावेश वाली टीम को मुखबिर से पता चला कि, टोलनाका फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी चाकण चौक में आने वाले हैं। जब पुलिस टीम जाल बिछाकर उन्हें पकड़ने गई तब ये दोनों भी भागने की कोशिश करने लगे, मगर नाकाम रहे। उनके खिलाफ भुइंज पुलिस थाने में टोलनाका फायरिंग को लेकर मामला दर्ज है। साथ ही उनके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई की गई है। इन मामलों में वे लगातार फरार चल रहे थे।
यूनिट 1 के पुलिस निरीक्षक उत्तम तांगडे के अनुसार, चोरगे गैंग पुणे जिला (ग्रामीण), पुणे शहर, अहमदनगर पुलिस के रिकॉर्ड पर दर्ज शातिर गैंग है। इस गैंग के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती, अपहरण, डकैती, अवैध असलहे, लूटपाट, दंगा- फसाद जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। गैंग के सरगना रोहिदास चोरगे के खिलाफ इससे पहले भी पुणे ग्रामीण पुलिस के वेल्हा पुलिस थाने में मकोका की कार्रवाई की गई है। जनवरी 2019 में इस मकोका के केस में से बाहर निकलने के बाद उसने अपनी गैंग के साथ आणेवाड़ी टोलनाका पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में वह लगातार फरार चल रहा था, मगर पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने आखिरकार उस पर शिकंजा कस ही लिया।