बलात्कार व एट्रोसिटी के मामले में पुलिस सिपाही गिरफ्तार

पुणे : समाचार ऑनलाइन – पुलिस महकमे में तब खलबली मच गई जब एक पुलिस सिपाही को बलात्कार और एट्रोसिटी (अनुसूचित जाति अत्याचार प्रतिबंध कानून) के मामले के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर आरोप है कि उसने अपने से बड़ी उम्र की महिला को शादी का झांसा देकर और उसके पिता व बहन को जान से मारने की धमकी देकर उसका बलात्कार करने के बाद शादी से इनकार कर दिया। गिरफ्तार सिपाही का नाम शुभम गजानन मोहिते निवासी पाटिल नगर, धनकवडी, पुणे है। वह पुणे पुलिस के मोटर वाहन परिवहन विभाग में कार्यरत है। उसके खिलाफ़ एक 26 वर्षीय महिला ने पिंपरी चिंचवड़ के दिघी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुभम मोहिते ने पीड़ित महिला को शादी का झांसा दिया और उस पर लगातार दबाव बनाता रहा। महिला के इनकार करने पर उसने उसके पिता और बहन को जान से मारने की धमकी दी। घबराकर पीड़ित महिला मान गई। इसके बाद शुभम ने नजदीकियां बढ़ाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने उसे शादी के लिए कहा तो वह साफ मुकर गया। यही नहीं अगर इसकी शिकायत की तो उसके पिता और बहन की सरकारी नौकरी पर मुसीबत लाकर खड़ी कर देगा, यह धमकी भी दी। शुभम की मां और बहन ने भी पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया। अंततः पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। दिघी पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर बलात्कार और एट्रोसिटी के तहत मामला दर्ज कर शुभम को गिरफ्तार कर लिया। बहरहाल मामले की छानबीन शुरू है।