महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र के मुंब्रा में रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार 

 

मुंब्रा, 17 जून  : गुटखा बिक्री करने वाले पर केस दर्ज नहीं करने के लिए 1 लाख 20 हज़ार रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में मुंब्रा पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल उदय किरपन को नवी मुंबई के एंटी क्रप्शन ब्यूरो ने बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया।

गुटखा बिक्री करने वाले शिकायतकर्ता और उसके भाई के खिलाफ गुटखा बिक्री का केस दर्ज नहीं करने और इस मामले में गिरफ्तार नहीं करने के लिए मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाइड में कार्यरत किरपण ने 1 लाख 20 हज़ार रुपए की रिश्वत मांगी थी।  इसके पहली क़िस्त के रूप में 50 हज़ार रुपए स्वीकार करना तय हुआ था।

विक्रेता ने इस मामले की शिकायत नवी मुंबई के एसीबी से की थी।  जांच में पाया गया कि पुलिस कांस्टेबल ने पैसे की मांग की है।  कांस्टेबल के खिलाफ बुधवार को मुंब्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।  यह जानकारी नवी मुंबई एसीबी के डीवाय एसपी ज्योति देशमुख ने दी है।