मुर्गियों ने अंडा देना बंद किया तो कर दी पुलिस में शिकायत

पुणे। हालिया पुणे ग्रामीण पुलिस से पुणे शहर पुलिस में शामिल किए गए लोणी कालभोर पुलिस थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। इस थाने में एक पोल्ट्री फार्म के मालिक ने उसकी मुर्गियों द्वारा अंडा देना बंद कर दिये जाने से शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि एक कंपनी द्वारा मुहैया कराए गए भोजन के सेवन के बाद फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया है।
आलंदी म्हातोबा के लक्ष्मण मुकुंद भोंडवे नामक  पोल्ट्री व्यवसायी समेत अन्य पोल्ट्री चालकों ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि उन्होंने 11 अप्रैल को अहमदनगर की एक बड़ी कंपनी से मुर्गियों के लिए खाद्य पदार्थ की खुराक खरीदी थी। उसके खाने के बाद से मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया। लोनी कालभोर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र मोकशी ने कहा, इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई क्योंकि संबंधित उत्पादनकर्ता ने तीन से चार मुर्गीपालन फार्म के मालिकों को मुआवाजा देने पर सहमति जताई है जिन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा
उन्होंने कहा कि, शिकायतकर्ता मुर्गीपालन फार्म का मालिक है  वह और उसके इलाके के कम से कम चार और फार्म मालिकों को इसी तरह का समस्या आई जिसके बाद उसने हमारे पास यह शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत अर्जी में गिरीश दिगंबर चंद, अनिल जवलकर, गोरख विचारे, विनोद दत्तात्रय भोंडवे व धनंजय नारायण डांगे के भी हस्ताक्षर हैं।भोंडवे ने पुलिस को बताया कि उसने बगल के जिले अहमदनगर स्थित एक कंपनी से मुर्गियों का दाना खरीदा था। इस दाने के सेवन के बाद, उसके फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया। पुलिस ने इस मुद्दे को लेकर अहमदनगर के प्रखंड स्तर के पशुपालन अधिकारी से विचार-विमर्श किया। कंपनी का पक्ष जानने के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।