प्लॉट के लिए माथाडी मजदूर नेता ने किया जानलेवा हमला

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – प्लॉट का दाम करने को लेकर जारी विवाद में एक माथाडी मजदूर नेता ने एक शख्स के घर में घुसकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। इस हमले में शख्स की पत्नी व बच्ची बाल- बाल बच गई मगर वह शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर वाकड़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक हमले की यह घटना सोमवार की है। यहां भाजपा प्रणीत माथाडी मजदूर संगठन के अध्यक्ष बबलू जोगदंड ने अपने एक साथी के साथ मिलकर श्रीकांत सुर्वे नाम के शख्स के परिवार पर हमला कर दिया। सीसीटीवी में कैद हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावरों के हाथ में कोयता (धारदार हथियार) और डंडे हैं। उनके हमले में सुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
असल श्रीकांत सुर्वे ने 10 महीने पहले एक प्लॉट खरीदा था। उस प्लॉट को बबलू जोगदंड कम कीमत पर श्रीकांत से खरीदना चाहता था। जिसके लिए श्रीकांत ने इंकार कर दिया। इस वाद-विवाद में गुस्साए बबलू जोगदंड ने कई लोगों के साथ मिलकर श्रीकांत सुर्वे के परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में श्रीकांत बुरी तरह जख्मी हो गए हैं जिनका पास के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि यह बबलू जोगदंड पहले बीजेपी के युवा मोर्चा से जुड़ा हुआ था।