‘गेम’ किये बिना चप्पल नहीं पहनने की ली थी शपथ ! पुणे के डुक्कर खिंड में बिल्डर पर हुई फायरिंग के रहस्य से पर्दा उठा, क्राइम ब्रांच दवारा पर्दाफाश 

 

पुणे, 7 जून : डुक्कर खिंड में सुबह-सुबह हुई फायरिंग के मामले का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक को गिरफ्तार किया है. दोस्त की हत्या का बदला लेने  के लिए फायरिंग करने की जानकारी सामने आई है।  उसने बिल्डर की हत्या किये बिना चप्पल नहीं पहनने की शपथ खाई थी।

गिरफ्तार आरोपी का नाम अभिजीत तुकाराम येलवंडे (उम्र 24 ) है।  जबकि मुख्य आरोपी नकुल श्याम खाड़े और चेतन चंद्रकांत पवार की तलाश की जा रही है।  इस मामले में वारजे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज है।  शनिवार की सुबह साढ़े 9 बजे से 10 बजे के बीच बिल्डर रवींद्र सखाराम तागुंदे (उम्र 36 ) पर चार अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी।  फायरिंग की घटना से शहर में हड़कंप मच गया था।  यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया था।  हमलावरों ने 4 राउंड फायरिंग की थी।  लेकिन शुक्र है कि रवींद्र ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली।

फायरिंग की घटना सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची थी।  उन्होंने तत्काल हमलावरों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।  इस दौरान एंटी डेकवाट टीम के पुलिस नाइक राजेंद्र लांडगे व नितिन रावल को फायरिंग मामले में शामिल आरोपी अभिजीत के गोसावी बस्ती में आने की जानकारी मिली।  इसके बाद जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया गया।  उसने पूछताछ में बिल्डर रवींद्र पर फायरिंग की बात कबूल की।  उसने बताया कि साथियों के साथ मिलकर फायरिंग।  रवींद्र ने उनके दोस्त दीपक सोनवणे की हत्या की थी।  यह हत्या 2013 में हुई थी. इस मामले में रवींद्र जमानत पर बाहर है।  फ़िलहाल मामला कोर्ट में है।  इसकी सुनवाई चल रही है।

दीपक की हत्या का बदला लेने की शपथ नकुल खाड़े ने खाई थी।  साथ ही कहा था कि रवींद्र की हत्या किये बिना वह चप्पल नहीं पहनेगा। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त अशोक मोराले, एंटी  डेकवाट टीम के एक पुलिस इंस्पेक्टर विट्ठल पाटिल, सहायक इंस्पेक्टर संदीप बुवा, पुलिस नाइक नितिन कांबले, नितिन रावल, राजेंद्र लांडगे व विवेक जाधव की टीम  ने की।