मुंबई में निर्माणाधीन इमारत पर गिरा चार्टर प्लेन , 5 की मौत

मुंबई। एजेंसी

बीते दिन नासिक में सुखोई एसयू-30 एमकेआई क्रैश होने के बाद गुरुवार एक और विमान हादसा हो गया है। समाचार एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में एक चार्टर प्लेन क्रैश हुआ है। यह हादसा मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुआ है। जिस इमारत पर यह विमान गिरा है वो निर्माणाधीन थी। इस हादसे में 5 लोगों के मौत की खबर है। हादसे का शिकार हुआ विमान उत्तर प्रदेश सरकार का बताया जा रहा है।

इस प्लेन में कितने यात्री सवार थे इसका अबतक कोई भी खुलासा नहीं हुआ है। हादसे के बाद आग से लिपटे विमान से एक जलता हुआ शख्स बाहर निकला है। उड़ान भरने के बाद यह चार्टर प्लेन घाटकोपर के जागृतिनगर जॉगर्स पार्क के पास एक इमारत पर क्रैश हो गया। हादसे के बाद इमारत में आग लग गई है और इस पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी है। प्लेन के गिरने के साथ ही भीषण विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। हाथ आयी ताजा जानकारी के अनुसार, प्लेन में सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। मौके पर मुंबई पुलिस की टीम भी पहुंच चुकी है।उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि, क्रैश हुआ चार्टर प्लेन उसका नहीं है। यूपी सरकार इसे पहले ही बेच चुकी है। इलाहबाद में यह प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उसके बाद इसे बेच दिया गया था।