बच्चे को जन्म देने के बाद रिक्शा में छोड़कर नदारद महिला हिरासत में

पिंपरी । पुणे सामाचर ऑनलाइन – मनपा के स्वच्छतागृह में रात के वक्त बच्चे को जन्म देने के बाद उसे लावारिस की तरह एक ऑटो रिक्शा में छोड़कर नदारद हुई महिला पुलिस की हिरासत में आ गई है। शनिवार को पिंपरी चिंचवड़ के। मोरवाड़ी इलाके यह घटना सामने आयी थी। इसके बाद पिंपरी पुलिस ने सम्बंधित महिला को ढूंढ निकाला और उसे हिरासत में ले लिया। बच्चे को मनपा के वाईसीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिंपरी स्थित मोरवाडी में एक ऑटो रिक्शा में पुरुष जाति का एक नवजात अर्भक पाया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। शनिवार की सुबह यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को वाईसीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। छानबीन में जुटी पुलिस मोरवाड़ी में गर्भवती महिलाओं की जानकारी जुटाने में लग गई। इस दौरान पता कि यहां की एक महिला गर्भवती थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तब उसने स्वीकार किया कि मनपा के स्वच्छता गृह में बच्चे को जन्म देने के बाद उसे बाहर खड़ी एक ऑटो रिक्शा में छोड़ दिया। हालांकि उसने ऐसा क्यों किया यह अब तक पता नहीं चल सका है।पिंपरी पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।