पिंपरी चिंचवड: स्थायी समिति सभापति चुनाव आज

आज होगा फैसला; उत्सुकता पहुंची सतह पर
पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – एकाधिकार शाही और हम करे सो कायदा व हम तय करे वो नीति, इस प्रकार की कार्यप्रणाली के विरोध में बगावत होने से पिंपरी चिंचवड मनपा में स्थायी समिति सभापति पद का चुनाव रोमांचक मोड़ पर खड़ा है। मनपा के तिजोरी की चाबियां किसके हाथ लगती है? इसका फैसला कल (गुरुवार) हो जाएगा। आर्थिक दृष्टि से अहम माने जाने वाली इस समिति के सभापति के चुनाव में सत्तादल भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी विलास मडिगेरी या बागी शीतल उर्फ विजय शिंदे, में से कौन बाजी मारेगा? इसकी उत्सुकता अब सतह पर पहुंच गई है।
स्थायी समिति सभापति चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। भाजपा के शहराध्यक्ष और विधायक लक्ष्मण जगताप ने पिछली बार की तरह फिर एक बार धक्का तंत्र अपनाते हुए वरिष्ठ नगरसेवक विलास मडिगेरी को प्रत्याशी घोषित किया। एक बार फिर ऐन मौके पर शीतल शिंदे का पत्ता कट जाने से उन्होंने बगावत का परचम लहराया और शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस की मदद लेकर नामांकन दाखिल किया है। इनके अलावा राष्ट्रवादी की ओर से मयूर कलाटे ने नामांकन दाखिल किया है। कल दोपहर 12 बजे सभापति का चुनाव होना है। इसके लिए विभागीय आयुक्त ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूरज मांढरे को इस चुनाव का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
सत्तादल भाजपा की कोर कमेटी ने ज्यादा सदस्यों को मौका देने के लिहाज से स्थायी समिति सदस्यों का कार्यकाल दो की बजाय एक साल किया। इसके अनुसार बीते साल ड्रॉ से बचे चार सदस्यों के इस्तीफे लिए और उनकी जगह नए सदस्यों की नियुक्ति की गई। इस साल मात्र इस नीति को तिलांजलि दी गई। विलास मडिगेरी का एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी उन्हें सभापति पद की उम्मीदवारी दी गई। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शीतल शिंदे ने बगावत का परचम लहराया है। फिलहाल उनके पास राष्ट्रवादी कांग्रेस के चार, शिवसेना के एक और खुद उनका अपना मिलाकर छह वोट हैं। लगातार दूसरे साल अपने समर्थक को स्थायी समिति सभापति पद न मिलने से नाराज चल रहे भाजपा के दूसरे विधायक महेश लांडगे के गुट के तीन नगरसेवकों के वोट भी उन्हें मिल सकते है, जो निर्णायक साबित होंगे। बहरहाल शीतल शिंदे और उनके समर्थकों की यह कोशिश चल रही है कि मडिगेरी की बजाय पार्टी उन्हें ही प्रत्याशी घोषित कर दे। इस कड़ी में आज वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने नागपुर पहुंचे थे।