पिंपरी चिंचवड़ मनपा को प्रॉपर्टी टैक्स से रिकॉर्ड आय

पिंपरी। पिछले एक माह में पिंपरी चिंचवड मनपा को प्रॉपर्टी टैक्स से रिकॉर्ड 122 करोड़ रुपए की आय मिली है। एक माह में इतना प्रॉपर्टी टैक्स जमा होने का यह जारी वित्त वर्ष का पहला मौका है। इससे पहले दिसंबर औऱ जनवरी माह में मनपा को प्रॉपर्टी टैक्स से 91 करोड़ रुपए की आय मिली थी।
औद्योगिक नगरी रहने की वजह से पिंपरी चिंचवड़ शहर में रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर रहने से यहां वास्तव्य करने को पसंद किया जा रहा है। इसके चलते शहर में प्रॉपर्टीज की संख्या बढ़ रही है।शहर में वर्तमान में पांच लाख 30 हजार 278 प्रॉपर्टीज है। 2010 में यह संख्या 2 लाख 88 हजार थी जो 2015 में बढ़कर चार लाख सात हजार पर पहुंच गई। अगस्त 2020 तक पांच लाख 30 हजार हो गई है।
चुंगी, एलबीटी बंद होने के बाद मनपा की आर्थिक दारोमदार कर निर्धारण और संकलन विभाग पर टिकी हुई है। हालांकि कोरोना काल में प्रॉपर्टी टैक्स वसूलना किसी चुनौती से कम नहीं रहा। मगर इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कर संकलन विभाग ने दिसंबर और जनवरी में 91 करोड़ का प्रॉपर्टी टैक्स वसूला है। वहीं फरवरी में रिकॉर्ड तोड़ 122 करोड़ रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स वसूल किया गया। इस बारे में कर संकलन विभाग की उपायुक्त स्मिता झगड़े ने कहा कि, इस साल बकाया टैक्स वसूलने पर ज्यादा जोर दिया गया। इसके अलावा प्रशासन ने लोगों को टैक्स चूकाने के लिए प्रोत्साहित करने की योजनाओं की घोषणा की। इसमें अभय योजना की हिस्सेदारी बड़ी है।